नगर पालिका परिषद दंतेवाड़ा की ओर से ‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े के तहत ऐतिहासिक भैरव बाबा मंदिर परिसर में बड़ा सफाई अभियान चलाया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में जनप्रतिनिधि, पालिका के अफसर और सफाई मित्र जुटे नजर आए। सभी ने मिलकर मुख्य मंदिर के आसपास, परिक्रमा मार्ग और बाहर की सड़कों से झाड़-झंखाड़ और जमा कचरा बाहर निकाला।
हाथों में झाड़ू लेकर उतरे जनप्रतिनिधि
इस श्रमदान में स्थानीय विधायक के साथ जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुडामी, पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता और उपाध्यक्ष कैलाश मिश्रा ने खुद झाड़ू संभाली। नेताओं और अफसरों को जमीन पर उतरकर कचरा उठाते देख वहां दर्शन करने पहुंचे आम श्रद्धालु भी सफाई में हाथ बंटाने लगे। कुछ ही घंटों के भीतर पूरे मंदिर परिसर का हुलिया बदल गया। एकत्र किए गए कचरे को गाड़ियों में भरकर सुरक्षित डंपिंग यार्ड भेजा गया।
हरियाली बढ़ाने के लिए रोपे पौधे
सफाई पूरी होने के बाद मंदिर के खाली पड़े हिस्सों में पौधरोपण किया गया। पर्यावरण को हरा-भरा रखने और आने वाले दर्शनार्थियों को छांव मिले, इसके लिए नीम, करंज और कई फलदार पौधे लगाए गए। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया।
सफाई को आदत बनाएं नगरवासी: पायल गुप्ता
कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता ने दो टूक कहा कि कोई भी शहर सिर्फ प्रशासन के भरोसे साफ नहीं रह सकता। इसके लिए हर नागरिक की भागीदारी बेहद जरूरी है। उन्होंने अपील की कि लोग घरों और दुकानों का कचरा सड़कों या नालियों में फेंकने के बजाय सीधे कचरा गाड़ियों में ही डालें। गुप्ता ने नारा देते हुए कहा कि “हम सबने यह ठाना है, दंतेवाड़ा को स्वच्छ बनाना है।