रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के दूसरे दिन नवा रायपुर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रही। ‘मैं अयोध्या हूं’ नाट्य मंचन ने भारतीय संस्कृति और आस्था की झलक दिखाई, वहीं प्रसिद्ध गायिका स्वास्ति मेहुल के भजनों ने माहौल भक्तिमय बना दिया।

स्वास्ति मेहुल के भजनों से भक्तिमय हुई शाम
स्वास्ति मेहुल ने ‘राम आएंगे’ और ‘कान्हा आन बसो वृंदावन’ जैसे भजनों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। वहीं छत्तीसगढ़ी गायिका कंचन जोशी ने अपने लोकप्रिय गीतों से लोगों का मन मोह लिया।

‘मैं अयोध्या हूं’ नाट्य मंचन और लोककलाओं ने मोहा मन
राज्योत्सव के शिल्पग्राम में पंडवानी, सुआ नृत्य, कथक, ओडिसी और लोकसंगीत की 11 प्रस्तुतियां आयोजित की गईं। इन कार्यक्रमों में प्रदेश की समृद्ध लोकसंस्कृति और भारतीय शास्त्रीय कलाओं की खूबसूरत झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्यपाल रमेन डेका ने कलाकारों को सम्मानित किया। राज्योत्सव के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को मंच पर नई पहचान मिली।