दंतेवाड़ा। दंतेवाड़ा जिले में सड़कों की जर्जर हालत से आम जनता परेशान है। दंतेवाड़ा से जगदलपुर तक मुख्य मार्ग समेत गांवों की सड़कों, पीएमजीएसवाई मार्गों और राष्ट्रीय राजमार्गों पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। इससे वाहन चालकों को दुर्घटनाओं का डर बना रहता है। वहीं, धूल-मिट्टी के कारण भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, सड़कों की खराब स्थिति के चलते आए दिन छोटे-मोटे हादसे हो रहे हैं। बाइक से लेकर चारपहिया और भारी वाहनों तक के चालकों को इन मार्गों पर संभलकर सफर करना पड़ रहा है। इसके बावजूद सड़कों की मरम्मत को लेकर जिम्मेदारों की सक्रियता पर सवाल उठ रहे हैं।

जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर उठे सवाल
सड़कों की बदहाली को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों की चुप्पी पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। आरोप है कि समस्या की जानकारी होने के बावजूद जनप्रतिनिधि इस मुद्दे को प्रमुखता से नहीं उठा रहे हैं। ऐसे में आम लोगों को राहत मिलने का इंतजार है।

सर्व आदिवासी समाज ने दी आवाज उठाने की चेतावनी
सर्व आदिवासी समाज के गीदम ब्लॉक अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार वेट्टी ने कहा कि जनता रोज अपनी जान जोखिम में डालकर सफर करने को मजबूर है। यदि जनप्रतिनिधि इस समस्या पर आवाज नहीं उठाएंगे, तो सर्व आदिवासी समाज जनता के हित में आवाज उठाएगा।

उन्होंने सरकार से दंतेवाड़ा-जगदलपुर मार्ग समेत जिले की सभी जर्जर सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।