रायपुर, 2 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 का भव्य समापन 3 नवंबर को नवा रायपुर अटल नगर स्थित राज्योत्सव मैदान में होगा। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह समारोह के मुख्य अतिथि होंगे, जबकि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अध्यक्षता करेंगे। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रदेश की प्रतिभाओं को राज्य अलंकरण से सम्मानित किया जाएगा।
समापन दिवस पर छत्तीसगढ़ की लोककलाओं, शास्त्रीय नृत्य, आदिवासी संस्कृति और बॉलीवुड संगीत का संगम देखने को मिलेगा। पद्मश्री उषा बारले की प्रस्तुति और प्रसिद्ध पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य के गीत शाम के प्रमुख आकर्षण होंगे।

मुख्य मंच पर शाम 6 बजे से कार्यक्रम
मुख्य मंच पर शाम 6 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू होंगे। शाम 6 से 6:30 बजे तक दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के कलाकार लोकसंगीत प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद शाम 6:30 से 7 बजे तक पद्मश्री उषा बारले अपनी प्रस्तुति देंगी। शाम 7 से रात 9 बजे तक राज्य अलंकरण समारोह आयोजित होगा। रात 9 बजे से अभिजीत भट्टाचार्य अपने लोकप्रिय गीतों से दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।

शिल्पग्राम में दस सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
शिल्पग्राम मंच पर दोपहर 3 बजे से दस सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। इनमें पंथी नृत्य, आदिवासी लोकसंगीत, कथक, भजन, जसगीत-जगराता, सूफी संगीत, लोकमंच और नाट्य प्रस्तुति शामिल हैं। रायपुर की आस्था भट्ट भजन गायन करेंगी, दुर्ग की आरती बारले पंथी नृत्य प्रस्तुत करेंगी और कबीरधाम के राकेश सेन लोकमंच के माध्यम से छत्तीसगढ़ की परंपराओं की झलक दिखाएंगे।
दिनेश कुमार जांगड़े पंथी नृत्य, पूर्णिमा साहू जसगीत एवं जगराता, अभिषेक सोनकर आदिवासी लोकसंगीत एवं नृत्य प्रस्तुत करेंगे। दीपाली पाण्डेय कथक समूह नृत्य, अनुष्णा रॉय चौधरी कथक, वृद्धुमन वचस्पति भारती सूफी संगीत और आनंदकुमार पाण्डेय नाट्य प्रस्तुति देंगे।

स्थानीय कलाकारों को मिल रहा मंच
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्योत्सव प्रदेश की सांस्कृतिक अस्मिता और लोकपरंपराओं को व्यापक पहचान दिलाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों के साथ स्थानीय लोककलाकारों को अवसर देने से उनकी प्रतिभा को मंच मिलेगा और छत्तीसगढ़ की संस्कृति को नई पहचान मिलेगी।

तीन दिवसीय राज्योत्सव में शिल्पग्राम की कुल 30 सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए प्रदेश की लोककला, जनजातीय विरासत और सांस्कृतिक विविधता प्रदर्शित की जा रही है। समापन समारोह में राज्य अलंकरण के माध्यम से प्रतिभाओं का सम्मान होगा और संगीत व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ उत्सव का समापन होगा।