पखांजूर, छत्तीसगढ़। नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। कांकेर जिले के छोटेबेठिया थाना क्षेत्र में ग्राम मोरखंडी और हिंदुर के बीच जंगल-पहाड़ी इलाके से करीब 3 किलोग्राम वजन का प्रेशर कुकर आईईडी बरामद किया गया। बम निरोधक दस्ता (BDS) की टीम ने निर्धारित सुरक्षा प्रक्रिया का पालन करते हुए मौके पर ही आईईडी को निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया।
सर्चिंग के दौरान मिला संदिग्ध प्रेशर कुकर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 20 नवंबर 2026 को थाना छोटेबेठिया क्षेत्र के ग्राम मोरखंडी और हिंदुर के मध्य स्थित जंगल-पहाड़ी इलाके में जिला पुलिस बल, सीमा सुरक्षा बल (BSF) और BDS की संयुक्त टीम सर्चिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान जवानों को जंगल में एक संदिग्ध प्रेशर कुकर दिखाई दिया। जांच में उसका वजन लगभग 3 किलोग्राम पाया गया और उसमें आईईडी होने की पुष्टि हुई।
BDS टीम ने मौके पर किया निष्क्रिय
आईईडी मिलने के बाद बम निरोधक दस्ते ने मौके पर आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए। इसके बाद टीम ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत विस्फोटक उपकरण को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया। पुलिस के मुताबिक, समय रहते की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में संभावित अप्रिय घटना को टालने में सफलता मिली।
यह कार्रवाई जिला पुलिस बल, BSF और BDS की संयुक्त टीम द्वारा चलाए जा रहे सर्चिंग अभियान के दौरान की गई। नक्सल प्रभावित और सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा बलों की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है, ताकि क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
क्षेत्र में सर्चिंग अभियान जारी
पुलिस के अनुसार, इलाके में सुरक्षा बलों की संयुक्त सर्चिंग आगे भी जारी रहेगी। मोरखंडी और हिंदुर के बीच जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में आईईडी की बरामदगी के बाद सुरक्षा बल सतर्कता के साथ अभियान चला रहे हैं।
लोकेशन: पखांजूर, छत्तीसगढ़
संवाददाता: देवजीत देवनाथ