बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सिम्स अस्पताल के मुख्य गेट के सामने सिविल लाइन थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी और एक ऑटो चालक के बीच विवाद का मामला सामने आया है। कहासुनी के बाद दोनों के बीच धक्का-मुक्की हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, सिम्स के मुख्य गेट के सामने ऑटो खड़ा करने को लेकर विवाद शुरू हुआ। इसी दौरान थाना प्रभारी रविशंकर तिवारी और ऑटो चालक के बीच तीखी बहस हुई। आरोप है कि चालक ने गाली-गलौज करते हुए टीआई के साथ धक्का-मुक्की की। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सामने आया है।
रिपोर्ट्स के अनुसार, थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मंगला क्षेत्र में हुई चाकूबाजी की घटना की जांच के सिलसिले में सिम्स पहुंचे थे। इसी दौरान अस्पताल के मुख्य गेट पर ऑटो चालक के साथ विवाद हुआ।
पुलिस चालक को थाने ले गई, समझाइश के बाद छोड़ा
एडिशनल एसपी पंकज पटेल के हवाले से प्रकाशित जानकारी के मुताबिक, पुलिस टीम चालक को अपने साथ थाने लेकर गई थी। बाद में उसे समझाइश देकर छोड़ दिया गया। फिलहाल सामने आए वीडियो के बाद यह मामला चर्चा में है।
नोट: इस खबर के साथ लगाई गई तस्वीर बिलासपुर शहर की प्रतिनिधि तस्वीर है, घटना स्थल या हाथापाई की वास्तविक तस्वीर नहीं।