मुंगेली। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन बाज के तहत सरगांव पुलिस ने ग्राम बावली में कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 62 नग देशी शराब, दो मोबाइल फोन और बिक्री की नकदी जब्त की है। इस दौरान एक अन्य युवक मौके से फरार हो गया।
मुखबिर की सूचना पर निर्माणाधीन दुकान में दबिश
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चल रहे अभियान के दौरान सरगांव पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बावली में एक निर्माणाधीन दुकान से अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दो युवक भागने लगे। इनमें से एक को पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा फरार हो गया।

62 नग देशी शराब और नकदी जब्त
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 19 वर्षीय सतीश ठाकुर, निवासी ग्राम धरदेई, थाना पथरिया के रूप में हुई है। फरार युवक का नाम खिलेश कौशिक बताया गया है, जो ग्राम बावली का निवासी है।
दुकान की तलाशी के दौरान सफेद बोरी से 27 नग मसाला शराब और काले बैग से 35 नग प्लेन देशी शराब बरामद की गई। कुल 62 नग शराब की कीमत 6,200 रुपये बताई गई है। इसके अलावा 10 हजार रुपये कीमत के दो मोबाइल फोन और शराब बिक्री के 2,931 रुपये नकद जब्त किए गए। पुलिस के मुताबिक कुल जब्ती 19,131 रुपये की है।
आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सरगांव थाने में आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। उसे 20 नवंबर को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी अशोक यादव सहित सरगांव पुलिस टीम की भूमिका रही।
रिपोर्टर: गुरमीत बग्गा
लोकेशन: पथरिया, जिला मुंगेली, छत्तीसगढ़