दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव के परिणाम घोषित होने के साथ ही मतगणना की पारदर्शिता को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। संयुक्त सचिव पद पर चुनाव लड़ने वाले समाजवादी छात्र सभा समर्थित उम्मीदवार विशेष यादव ने अंतिम दौर की गिनती पर सवाल उठाते हुए दोबारा मतदान कराने की मांग रख दी है।
उनका कहना है कि आखिरी राउंड्स में मतों के आंकड़ों में अप्रत्याशित फेरबदल हुआ, जिसके चलते नतीजों पर संदेह पैदा हो रहा है।
इस विवाद की गूंज अब सोशल मीडिया पर भी सुनाई देने लगी है, जहां माइक्रोब्लॉगिंग साइट X पर #JusticeForDUSUstudent हैशटैग टॉप ट्रेंड में आ गया है। छात्र और समर्थक राउंड-वाइज काउंटिंग शीट सार्वजनिक करने और पूरी प्रक्रिया की स्वतंत्र जांच की मांग कर रहे हैं।
गौरतलब है कि 19 सितंबर को आए नतीजों में एबीवीपी ने अध्यक्ष समेत तीन प्रमुख पदों पर जीत हासिल की थी, जिसमें संयुक्त सचिव की कुर्सी लक्ष्य राज सिंह के नाम रही, जबकि उपाध्यक्ष पद निर्दलीय दीपांशु शोकीन ने जीता था।
हालांकि चुनावी प्रक्रिया में किसी भी तरह की धांधली या तकनीकी गड़बड़ी की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और चुनाव संचालन समिति ने इसे पारदर्शी प्रक्रिया बताया है। उम्मीदवार द्वारा लगाए गए आरोपों और इंटरनेट पर चल रही री-पोल की मांगों के बीच अब सभी की निगाहें चुनाव अधिकारियों के आधिकारिक रुख पर टिकी हुई हैं।