बिलासपुर शहर के मंगला पीपल चौक के पास स्थित एक तालाब में रविवार दोपहर एक अज्ञात अधेड़ का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मुख्य सड़क के किनारे बने इस तालाब में पानी के ऊपर लाश तैरती देख आसपास के लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय वार्ड 13 के पार्षद रमेश पटेल ने फौरन इसकी जानकारी सिविल लाइन थाना पुलिस को दी, जिसके बाद गश्त कर रही पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस जवानों ने स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया और पंचनामा कार्रवाई पूरी की। मृतक के पास से कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिला है, जिसके चलते उसकी शिनाख्त नहीं हो सकी है।
पुलिस ने शव को मर्च्युरी में सुरक्षित रखवाते हुए पोस्टमार्टम के लिए सिम्स अस्पताल भेज दिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट से मिलान किया जा रहा है, वहीं मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और पहचान होने के बाद ही हो सकेगा।