सूरजपुर जिले के खड़गवां चौकी क्षेत्र में सड़क पर ओवरटेक करने के मामूली विवाद ने हिंसक मोड़ ले लिया, जहां कार पर खरोंच आने से नाराज जशपुर के दो शिक्षकों ने आपा खोकर ट्रक चालक पर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से दो राउंड गोलियां चला दीं।
गिट्टी लोड ट्रक के चालक के साथ जमकर मारपीट की गई और दहशत फैलाने के इरादे से शिक्षकों ने उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया। घटना की सूचना मिलते ही हरकत में आई पुलिस टीम ने घेराबंदी करते हुए दोनों आरोपी शिक्षकों को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक जशपुर जिले में पदस्थ दोनों शिक्षक अपनी निजी कार से मुख्य मार्ग से गुजर रहे थे, तभी सामने चल रहे भारी वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में कार के पिछले हिस्से पर हल्का डेंट आ गया। इस बात से बौखलाए शिक्षकों ने गाड़ी आगे अड़ाकर ट्रक को रुकवा लिया और विवाद शुरू कर दिया।
तू-तू मैं-मैं बढ़ने पर एक शिक्षक ने अपनी कमर से पिस्टल निकालकर ड्राइवर की तरफ फायर झोंक दिया, जिसमें चालक बाल-बाल बच गया।वारदात के बाद पीड़ित ड्राइवर सीधा चौकी पहुंचा और घटनाक्रम की पूरी लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस अधिकारियों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन टीम रवाना की और दोनों आरोपियों को धर दबोचा।
पुलिस ने मौके से चली हुई गोली के खाली खोखे, लूटा गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्टल बरामद कर ली है।दोनों शिक्षकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला पंजीबद्ध कर न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है।