दंतेवाड़ा जिले के बारसूर स्थित 195वीं बटालियन मुख्यालय में शनिवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों और अफसरों ने मिलकर बड़े पैमाने पर साफ-सफाई अभियान चलाया।
‘स्वच्छता ही सेवा’ पखवाड़े के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में जवानों ने मुख्यालय परिसर के एमटी पार्क और प्राचीन विश्वकर्मा मंदिर के आसपास फैले कचरे को खुद समेटा और पूरे इलाके का कायाकल्प किया।
सफाई अभियान का नेतृत्व द्वितीय कमान अधिकारी विश्व रंजन, डिप्टी कमांडेंट राज कुमार और संजीव कुमार ने किया। अधिकारियों के साथ मिलकर जवानों ने न सिर्फ मंदिर परिसर और रास्तों से प्लास्टिक कचरा उठाया, बल्कि उसके सुरक्षित निस्तारण का काम भी मौके पर ही पूरा कराया।
इस दौरान आसपास रहने वाले लोगों और दुकानदारों को भी अपने प्रतिष्ठानों के बाहर डस्टबिन रखने और स्वच्छता को आदत में शामिल करने की अपील की गई।बटालियन के अधिकारियों ने बताया कि आने वाले दिनों में इस अभियान को और तेज किया जाएगा।
इसी कड़ी में आगामी 25 सितंबर को ‘एक दिन, एक साथ, एक घंटा’ सामूहिक श्रमदान कार्यक्रम तय किया गया है, वहीं गांधी जयंती पर 2 अक्टूबर को जवान ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान चलाकर बारसूर के अलग-अलग इलाकों में बड़े पैमाने पर पौधारोपण करेंगे।