धमतरी शहर में गणेश उत्सव के दौरान आस्था के केंद्रों पर चोरों की बुरी नजर पड़ गई है। कोतवाली थाना इलाके में सक्रिय शातिरों ने एक ही रात में अलग-अलग वार्डों के चार गणेश पंडालों में हाथ साफ कर दिया। सुबह जब समिति के सदस्य और श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे, तब पंडालों के भीतर से दानपेटियां और तांबे-कांच के बर्तन गायब देखकर हड़कंप मच गया।
चोरी की पहली वारदात लालबगीचा वार्ड स्थित गणेश पंडाल में सामने आई, जहां से अज्ञात चोर नकदी से भरी दान पेटी के अलावा पूजा में इस्तेमाल होने वाली फूल और कांच की थालियां समेट ले गए। वहीं बम्बलई वार्ड में स्थापित पंडाल से तांबे का बड़ा लोटा और आरती का अन्य सामान चोरी चला गया।
इसके अलावा बालक चौक पीढ़ी नाला के पास बने पंडाल में भी चोरों ने धावा बोलकर पूजा सामग्री पार कर दी। शहर के प्रमुख रिहायशी इलाकों में देर रात तक लोगों की आवाजाही के बावजूद एक के बाद एक चार पंडालों में हुई इस वारदात ने पुलिस गश्त और सुरक्षा दावों की पोल खोल दी है।
लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बाद से उत्सव समितियों के पदाधिकारियों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। सूचना मिलने के बाद कोतवाली पुलिस की अलग-अलग टीमें मौके पर पहुंचीं और घटनास्थलों का मुआयना किया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पंडालों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि संदिग्धों की पहचान कर चोरी गया सामान जल्द बरामद किया जा सके।