कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र स्थित ग्राम नुनेरा में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां अलगू तालाब में नहाने उतरी तीन मासूम बच्चियों की गहरे पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई।
गांव की एक ही बस्ती में रहने वाली सात साल की इंदु, आठ साल की राखी और आठ साल की साधना सुबह घर से स्कूल जाने की बात कहकर निकली थीं, लेकिन वे स्कूल न पहुंचकर सीधे गांव के बाहर बने तालाब की तरफ चली गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, नहाते वक्त अचानक एक बच्ची गहरे पानी की ओर फिसलने लगी, जिसे बचाने के चक्कर में बाकी दोनों भी गहराई में उतर गईं और संभल नहीं पाईं। काफी देर तक जब बच्चियां घर नहीं लौटीं, तब परिजनों ने उनकी खोजबीन शुरू की और तालाब किनारे उनके कपड़े देखकर ग्रामीणों को अनहोनी की आशंका हुई।
सूचना मिलते ही पाली पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से पानी में सर्च ऑपरेशन शुरू कराया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद तीनों बच्चियों के शव बाहर निकाले जा सके।
पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है, वहीं एक साथ तीन अर्थियां उठने की खबर से पूरे नुनेरा गांव में चूल्हे तक नहीं जले हैं।