बिलासपुर शहर के चांटीडीह इलाके में नामी कंपनियों के नकली उत्पाद बेचने के बड़े खेल का पर्दाफाश हुआ है। खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने पुख्ता सूचना के आधार पर यहां संचालित माधव ट्रेडर्स पर अचानक छापा मारा।
जांच के दौरान दुकान और गोदाम से भारी मात्रा में नामचीन ब्रांड्स के नकली पैकेज्ड सामान बरामद किए गए हैं, जिन्हें असली बताकर बाजार में खपाया जा रहा था।
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों को मौके पर सर्फ एक्सेल डिटर्जेंट की करीब 15 बोरियां संदिग्ध हालत में मिलीं, जिन्हें टीम ने तुरंत सील कर दिया। इसके अलावा मौके से बड़ी संख्या में इनो के नकली पाउच और ब्रुक बॉन्ड चायपत्ती के पैकेट भी जब्त किए गए हैं।
अधिकारियों के मुताबिक इन उत्पादों की पैकेजिंग और बारकोड में प्रथम दृष्टया गड़बड़ी पाई गई है, जिसके नमूने लेकर राज्य फोरेंसिक लैब भेजने की तैयारी की जा रही है।
कार्रवाई की भनक लगते ही आसपास के थोक और खुदरा किराना व्यापारियों में हड़कंप मच गया।
खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि दुकान संचालक से ब्रांड कंपनियों की डीलरशिप, खरीद-बिक्री के बिल और स्टॉक रजिस्टर मांगे गए हैं, लेकिन वह मौके पर कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।
फिलहाल फर्म को नोटिस जारी कर पूरे स्टॉक के स्रोत की पड़ताल की जा रही है कि यह नकली माल शहर में कहां से सप्लाई हो रहा था।