दंतेवाड़ा। जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत दंतेवाड़ा पुलिस और सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा जंगल और पहाड़ी क्षेत्रों में छिपाकर रखे गए हथियार, गोला-बारूद एवं विस्फोटक सामग्री का डम्प बरामद किया गया है। बरामद सामग्री में AK-47 रायफल समेत कई हथियार शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, 16 और 18 नवंबर को थाना बारसूर क्षेत्र के ग्राम वाकेली एवं बुरदुम के जंगल-पहाड़ी क्षेत्रों में सर्चिंग अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह सहित वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में जिला बल, डीआरजी, बस्तर फाइटर्स और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान 18 नवंबर को ग्राम वाकेली के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों का डम्प मिला।
AK-47 समेत कई हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद
बरामद सामग्री में एक AK-47 रायफल, मैगजीन, 25 राउंड, एक .303 रायफल, दो बीजीएल लॉन्चर, 315 बोर बंदूक और भरमार बंदूक शामिल हैं। इसके अलावा 34 .303 राउंड, 28 बीजीएल राउंड, 7 बीजीएल सेल, वॉकी-टॉकी सेट, कोडेक्स वायर और एक कुकर बम सहित अन्य सामग्री भी बरामद की गई है।

पुलिस ने शुरू की वैधानिक कार्रवाई
पुलिस ने बरामद हथियारों एवं विस्फोटक सामग्री को सुरक्षित कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। दंतेवाड़ा पुलिस ने कहा कि जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए नक्सलियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आम नागरिकों से नक्सल गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।