बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में इमरजेंसी सेवा डायल 112 की ड्यूटी के दौरान शराब पीकर वाहन दुर्घटनाग्रस्त करने वाले आरक्षक को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।
विभागीय जांच रिपोर्ट में लापरवाही और गंभीर कदाचार साबित होने के बाद पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने आरक्षक क्रमांक 878 संजय मारकण्डे को तत्काल प्रभाव से पुलिस बल से बाहर करने का आदेश जारी कर दिया।
अनुशासनहीनता के इस मामले में महकमे की इस सख्त कार्रवाई से जिले के पुलिसकर्मियों में हड़कंप मच गया है।
मामला वाड्रफनगर चौकी और बसंतपुर थाना इलाके से जुड़ा हुआ है।7 जुलाई की रात डायल 112 वाहन में आरक्षक संजय मारकण्डे और चालक ओमप्रकाश यादव तैनात थे।देर रात करीब पौने बारह बजे एक आपातकालीन कॉल की सूचना मिलने पर दोनों वाहन लेकर ग्राम सिवरी बरतीकला की तरफ रवाना हुए थे।
इसी दौरान वाड्रफनगर-अंबिकापुर मार्ग पर न्यू पंचवटी ढाबे के आगे उनकी गाड़ी सामने से आ रही एक पिकअप से जा भिड़ी, जिसमें सरकारी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे लोगों और पुलिस कर्मियों को दोनों के नशे में होने का शक हुआ, जिसके बाद फौरन उन्हें वाड्रफनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। मेडिकल जांच में डॉक्टर ने आरक्षक और ड्राइवर दोनों के शरीर में अल्कोहल होने की आधिकारिक पुष्टि की। एसपी ने इस गंभीर चूक को पुलिस की छवि धूमिल करने वाला माना और जांच पूरी होते ही बर्खास्तगी का कड़ा कदम उठाया।