केशकाल। छत्तीसगढ़ के केशकाल घाट में गुरुवार सुबह एक बार फिर वाहनों की लंबी कतार लग गई। घाट के पांचवें मोड़ पर एक कंटेनर वाहन फंस जाने के बाद करीब एक घंटे से यातायात प्रभावित है। देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइन लग गई।
जाम के कारण यात्री बसों, ट्रकों और अन्य भारी वाहनों की आवाजाही रुक गई है। वहीं छोटी गाड़ियों को भी घाट से निकलने में काफी परेशानी हो रही है। लंबे समय से जाम में फंसे यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सूचना मिलने के बाद केशकाल पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था को सामान्य कराने में जुट गई। पुलिस की कोशिश है कि फंसे कंटेनर को हटाकर जल्द से जल्द आवागमन बहाल किया जा सके।
केशकाल घाट में वाहनों के फंसने और यातायात बाधित होने की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। घाट का घुमावदार और संकरा मार्ग होने के कारण भारी वाहनों के फंसने पर कुछ ही समय में लंबा जाम लग जाता है।
फिलहाल पुलिस मौके पर मौजूद है और यातायात बहाल करने की कार्रवाई की जा रही है। वाहन चालकों से भी सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और पुलिस के निर्देशों का पालन करने की अपील की जा रही है।