बिहार में मानसूनी सिस्टम की रफ्तार धीमी पड़ने से ज्यादातर इलाकों में उमस भरी गर्मी बढ़ गई है, हालांकि मौसम विभाग ने शनिवार को राज्य के 13 जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।
इस दौरान 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका को देखते हुए लोगों को खुले खेतों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है।
बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मौसमी गतिविधियों का मिलाजुला असर देखने को मिला, जहां किशनगंज में सबसे ज्यादा 134 मिलीमीटर पानी बरसा। इसके अलावा मधुबनी में 46 मिमी, अररिया में 30 मिमी, रोहतास में 28 मिमी और पूर्णिया में 12 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है।
वहीं आरा, सहरसा और खगड़िया में झमाझम बारिश के बीच खगड़िया जिले से आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक नाबालिग की जान जाने की दुखद खबर भी सामने आई है।