राजधानी रायपुर में गणेश विसर्जन झांकी और शोभायात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। कलेक्टर के निर्देश पर रायपुर नगर निगम और बिरगांव नगर निगम क्षेत्र में संचालित सभी देशी-विदेशी शराब दुकानों, प्रीमियम वाइन शॉप, होटल बार और कमर्शियल क्लबों को आज शाम चार बजे से पूरी तरह बंद रखने का आदेश जारी किया गया है।
निर्धारित समय के बाद शराब की बिक्री या बार संचालन करते पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ सीधे आबकारी एक्ट के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गणेश उत्सव के समापन पर शहर के प्रमुख मार्गों से देर रात तक निकलने वाली भव्य झांकियों और प्रतिमा विसर्जन समारोह में भारी संख्या में श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के जुटने की संभावना है।
इसी भीड़भाड़ और यातायात दबाव को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के इरादे से यह ड्राई-पीरियड लागू किया है।
आबकारी विभाग के उड़नदस्ते और स्थानीय थानों की पेट्रोलिंग टीमें शाम चार बजते ही सभी शराब दुकानों और बारों में शटर डाउन कराने के लिए फील्ड में तैनात रहेंगी।