तखतपुर (बिलासपुर)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तखतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत ठाकुरकापा में 14 वर्षीय बालक का शव तालाब में मिलने से गांव में शोक का माहौल है। मृतक की पहचान देवेंद्र पटेल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, बालक शारीरिक और मानसिक रूप से बीमार था और घर से लापता हो गया था। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे और गुमशुदगी दर्ज कराने तखतपुर थाने पहुंचे थे। इसी दौरान तालाब में शव मिलने की सूचना मिली।

तालाब में तैरता मिला बालक का शव
जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत ठाकुरकापा स्थित साव तालाब में स्थानीय लोगों ने एक बालक का शव तैरता हुआ देखा। सूचना मिलने के बाद गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाया। इसके बाद शव की पहचान 14 वर्षीय देवेंद्र पटेल के रूप में हुई, जो घर से लापता था।

शव मिलने की जानकारी पर परिजन भी मौके पर पहुंचे। जिस बालक की तलाश में परिवार परेशान था, उसकी मौत की खबर से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
गुमशुदगी दर्ज कराने थाने पहुंचे थे परिजन
बताया जा रहा है कि देवेंद्र पटेल के घर से लापता होने के बाद परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। आसपास खोजबीन करने के बाद भी जब बालक का पता नहीं चला, तो परिजन गुमशुदगी दर्ज कराने तखतपुर थाने पहुंचे। इसी दौरान ठाकुरकापा गांव के तालाब में शव मिलने की सूचना मिली।

पुलिस जांच में जुटी
तखतपुर थाना प्रभारी सतीश साहू के अनुसार, बालक के परिजन उसकी गुमशुदगी दर्ज कराने थाने पहुंचे थे। इसी दौरान ठाकुरकापा के तालाब में शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकलवाया और पहचान की कार्रवाई की। पंचनामा के बाद शव को मर्चुरी में रखवाया गया है।
थाना प्रभारी ने बताया कि परिजनों के अनुसार, बालक शारीरिक और मानसिक रूप से बीमार था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। बालक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
रिपोर्ट: समीर सेमर | तखतपुर, जिला बिलासपुर, छत्तीसगढ़