गुरुवार, 12 नवंबर 2026

ShubhCg

जहाँ खबर, वहाँ हम

गुरुवार, 12 नवंबर 2026
ShubhCg

जांजगीर में ऑनलाइन अटेंडेंस पर वायरल वीडियो के बाद शिक्षिका निलंबित

जांजगीर में ऑनलाइन अटेंडेंस पर वायरल वीडियो के बाद शिक्षिका निलंबित

 



जांजगीर-चांपा।
स्कूलों में लागू की जा रही ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो जारी करना जांजगीर-चांपा जिले की एक व्याख्याता को भारी पड़ गया। लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ ने शासकीय हाईस्कूल तुलसी, विकासखंड नवागढ़ में पदस्थ व्याख्याता (एलबी) निर्मला कोमल लहरे को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन का आदेश 3 सितंबर 2026 को जारी किया गया।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो

विभागीय आदेश के मुताबिक, 31 अगस्त 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें शिक्षिका ने स्कूलों में लागू की जा रही ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था को लेकर अपनी बात रखी थी।

आदेश में विभाग ने आरोप लगाया है कि वीडियो में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और कलेक्टर के संबंध में अशोभनीय टिप्पणियां की गईं और शासन की आलोचना करते हुए वीडियो को मीडिया तथा सोशल मीडिया के जरिए प्रसारित किया गया।

मामला सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी, जांजगीर-चांपा की ओर से शिक्षिका को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था। विभाग के अनुसार, शिक्षिका की ओर से दिया गया जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद निलंबन की कार्रवाई की गई।

सेवा आचरण नियमों के उल्लंघन का हवाला

लोक शिक्षण संचालनालय के आदेश में शिक्षिका के कृत्य को पदीय दायित्वों के विपरीत बताते हुए शासन और विभाग की छवि प्रभावित करने वाला माना गया है। आदेश में छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 3 और नियम 10 के उल्लंघन का उल्लेख किया गया है।

इसी आधार पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 9 के उपनियम (1)(क) के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

निलंबन अवधि में DEO कार्यालय रहेगा मुख्यालय

निलंबन आदेश के अनुसार, इस अवधि में शिक्षिका को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। उनका मुख्यालय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, जांजगीर-चांपा निर्धारित किया गया है।

यानी निलंबन अवधि के दौरान वे शासकीय हाईस्कूल तुलसी में अपनी सेवाएं नहीं देंगी और विभाग द्वारा निर्धारित मुख्यालय में रहेंगी।

ऑनलाइन अटेंडेंस व्यवस्था को लेकर उठाए थे सवाल

सामने आई जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में शिक्षिका ने शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था को लेकर अपनी आपत्तियां और समस्याएं सामने रखी थीं। इसमें स्कूल समय पर पहुंचने, ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में आने वाली दिक्कतों और व्यवस्था की निगरानी जैसे मुद्दों पर बात की गई थी।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला शिक्षा विभाग तक पहुंचा। इसके बाद कारण बताओ नोटिस जारी किया गया और शिक्षिका से स्पष्टीकरण मांगा गया।

निलंबन के बाद फिर चर्चा में ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था

शिक्षिका के निलंबन की कार्रवाई के बाद सरकारी कर्मचारियों की सोशल मीडिया पर अभिव्यक्ति और सेवा आचरण नियमों को लेकर चर्चा तेज हो गई है। मामला एक तरफ शिक्षकों की ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था से जुड़ी व्यावहारिक दिक्कतों को सामने लाता है, वहीं दूसरी तरफ सरकारी कर्मचारियों के लिए लागू सेवा आचरण नियमों की सीमाओं पर भी सवाल खड़े करता है।

फिलहाल विभागीय आदेश के अनुसार, वायरल वीडियो और शिक्षिका के स्पष्टीकरण के आधार पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।

अपनी टिप्पणी लिखें

WhatsApp चैनल से जुड़ें