
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और सार्वजनिक जीवन में 25 वर्षों की जनसेवा के अवसर पर दंतेवाड़ा में सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को विकसित भारत संकल्प सभा और सेवा ज्योति यात्रा का आयोजन किया गया। मां दंतेश्वरी की पावन धरा से निकली इस यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, युवा, किसान, श्रमिक और स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
मां दंतेश्वरी मंदिर से शुरू हुई यात्रा

सेवा ज्योति यात्रा की शुरुआत मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर स्थित मेंढका डोबरा से हुई। यहां मशाल प्रज्ज्वलित करने के बाद सेवा ज्योति रथ को रवाना किया गया। यात्रा विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए स्टेट बैंक चौक पहुंची।
यात्रा के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने विकसित भारत-2047 के संकल्प को दोहराते हुए राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी निभाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
जनसेवा और सुशासन को आगे बढ़ाने का संदेश

कार्यक्रम में बस्तर सांसद महेश कश्यप, भाजपा जिला संगठन प्रभारी शिवनारायण पांडेय, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता, विधायक चैतराम अटामी, जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अरविंद कुंजाम, नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता सहित कई जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।
सांसद महेश कश्यप ने कहा कि मां दंतेश्वरी की धरती से निकली सेवा ज्योति यात्रा सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चल रहे सेवा संकल्प अभियान के दौरान विभिन्न जनसेवा और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से लोगों को विकसित भारत के निर्माण से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और राष्ट्रसेवा के सफर का उल्लेख करते हुए कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य तभी पूरा होगा, जब देश का प्रत्येक नागरिक इसमें अपनी भूमिका निभाएगा। इस दौरान मां दंतेश्वरी से प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना भी की गई।
अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
विधायक चैतराम अटामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की जनसेवा और राष्ट्र निर्माण की यात्रा प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक शासन की योजनाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं का लाभ पहुंचाना है।
भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष गुप्ता ने कहा कि विकसित भारत-2047 केवल सरकार का लक्ष्य नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि दंतेवाड़ा और पूरे बस्तर के युवा, किसान, श्रमिक और आम नागरिक इस लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
दंतेवाड़ा में बनेगा विकसित भारत संकल्प सेवा चौक
कार्यक्रम के दौरान दंतेवाड़ा में इसी स्थल पर ‘विकसित भारत संकल्प सेवा चौक’ बनाए जाने की घोषणा भी की गई। इस सेवा चौक के माध्यम से सेवा, सुशासन और विकसित भारत के संकल्प को स्थायी रूप से जनमानस से जोड़ने का उद्देश्य रखा गया है।
सेवा ज्योति यात्रा में युवाओं और स्थानीय नागरिकों की भागीदारी ने कार्यक्रम को खास बना दिया। मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर से लेकर स्टेट बैंक चौक तक यात्रा के दौरान लोगों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।